विधायक गरासिया ने जनजाति बालिका छात्रावास का किया औचक निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता सुधारने के दिए कड़े निर्देश

विधायक गरासिया ने जनजाति बालिका छात्रावास का किया औचक निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता सुधारने के दिए कड़े निर्देश

छात्राओं से आत्मीय संवाद कर सुनी समस्याएं, खुद स्टोर रूम में पहुंचकर जांची खाद्य सामग्री; ‘पहल’ ग्रुप देगा खेल सामग्री

सिरोही/पिंडवाड़ा। राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास, सिरोही में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं की शिकायत के बाद मंगलवार को पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया ने छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। विधायक ने छात्राओं से आत्मीयता के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं तथा भोजन व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने विधायक को बताया कि उन्हें पुराना एवं गुणवत्ताहीन राशन उपलब्ध कराया जा रहा था। साथ ही छात्राओं ने पूर्व वार्डन के व्यवहार को लेकर भी अपनी शिकायतें रखीं। विधायक ने बालिकाओं की बात गंभीरता से सुनी और मौके पर ही भोजनशाला एवं स्टोर रूम का निरीक्षण करते हुए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की।

भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं

विधायक समाराम गरासिया ने नवनियुक्त वार्डन आरती गरासिया को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने वार्डन को छात्राओं के साथ प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता से व्यवहार करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए वे शीघ्र ही परियोजना अधिकारी, टीएडी से भी मुलाकात करेंगे।

“बेटियों, तुम्हें और किस चीज की जरूरत है?”

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्राओं से सहज संवाद करते हुए पूछा—“बेटियों, तुम्हें और किस चीज की जरूरत है?” इस पर छात्राओं ने खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी।

बालिकाओं की मांग पर विधायक के साथ मौजूद जिला सतर्कता समिति सदस्य महिपाल चारण एवं सामाजिक कार्यकर्ता लोकेश खंडेलवाल ने सोशल व्हाट्सएप ग्रुप ‘पहल’ की ओर से छात्रावास की बालिकाओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

विधायक ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज और देश का भविष्य हैं तथा उन्हें बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान आरआई बदाराम, क्षेत्र के पटवारी सहित छात्रावास का स्टाफ मौजूद रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post