लोढ़ा को टारगेट करने भेजे शूटरों को दी थी फोटो, नहीं पता था कि पूर्व विधायक हैं ।

लोढ़ा को टारगेट करने भेजे शूटरों को दी थी फोटो, नहीं पता था कि पूर्व विधायक हैं ।


पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश की जांच में सिरोही कनेक्शन सामने आया है। पुलिस के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों को लोढ़ा को टारगेट करने के लिए भेजा गया था। उनके मोबाइल से लोढ़ा की तस्वीरें मिलने और उनके फार्म हाउस की कई दिनों तक रेकी किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।


                            (प्रतीकात्मक चित्र)



पूछताछ में यह भी सामने आने की बात कही जा रही है कि शूटरों को जिस व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए भेजा गया था, उसके पूर्व विधायक होने की जानकारी नहीं थी। वारदात के बाद उन्हें नेपाल के रास्ते फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भेजने का भरोसा दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। इस मामले में पुलिस विदेशी नेटवर्क, स्थानीय मदद और डिजिटल संपर्कों की कड़ियां जोड़ रही है।


14 सितंबर को बाइक खरीदने पहुंचे, सीसीटीवी में आए नजर

पुलिस जांच के अनुसार दोनों संदिग्ध 14 सितंबर को सिरोही के एक बाइक शोरूम पर पहुंचे थे। वहां बाइक खरीदने के दौरान वे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए। बाइक के दस्तावेजों और पहचान से जुड़े पहलुओं की भी जांच की गई।
इसके बाद दोनों ने सिरोही में रहकर लोढ़ा के फार्म हाउस और आसपास के इलाके की रेकी की। पुलिस के मुताबिक फार्म हाउस के पास पहाड़ी से लोढ़ा की आवाजाही और वहां आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई। मोबाइल फोन में लोढ़ा की तस्वीरें मिलने की बात भी सामने आई है।


होटल में फर्जी पहचान से ठहरने की बात

पुलिस के अनुसार दोनों संदिग्ध 17 सितंबर की शाम सिरोही क्षेत्र के हाईवे स्थित एक होटल पहुंचे और कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड से कमरा लिया। करीब 14 घंटे रुकने के बाद वे वहां से रवाना हुए। होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की गई।


जोधपुर में एजीटीएफ ने पकड़ा


एजीटीएफ को दोनों के सिरोही से जोधपुर जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एजीटीएफ और जोधपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण/सन्नी/कट्टा और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था।


झाड़ियों से विदेशी पिस्टल और 36 कारतूस बरामद
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने पाली-सिरोही मार्ग पर ढोला गांव के पास झाड़ियों से हथियार बरामद किए। पुलिस के अनुसार यहां से विदेशी निर्मित पिस्टल, मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस मिले। हथियारों के स्रोत और उनके कथित इस्तेमाल की जांच जारी है।



विदेश में बैठे नेटवर्क और हरियाणा कनेक्शन की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शूटरों को लोढ़ा का टारगेट किसने दिया, सिरोही में बाइक, ठहरने और रेकी की व्यवस्था किसने की तथा हथियार और स्थानीय सहायता किसने उपलब्ध कराई। मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप संपर्क, सीसीटीवी, होटल रिकॉर्ड और आर्थिक लेन-देन की जांच के जरिए नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। 

लोढ़ा बोले—कर्म से पीछे हटना संभव नहीं 

घटना के बाद संयम लोढ़ा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए समर्थकों और शुभचिंतकों की चिंता के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे अपने कर्म और आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।










Post a Comment

Previous Post Next Post