नगर निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटी भाजपा, 'जिताऊ-टिकाऊ' कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता
सिरोही, 7 अगस्त। आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को सिरोही के कृष्णा होटल में जिला स्तरीय रणनीतिक बैठक आयोजित की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनावी रणनीति तय करने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया गया।
बैठक में राजस्थान प्राधिकरण बोर्ड अध्यक्ष एवं चुनाव संचालन समिति के सदस्य ओंकार सिंह लखावत, किसान बोर्ड अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सी.आर. चौधरी, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित तथा भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि चुनाव में व्यक्तिगत निष्ठा से अधिक संगठन की मजबूती महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में केवल 'जिताऊ और टिकाऊ' कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्याशी की घोषणा के बाद सभी कार्यकर्ताओं को मतभेद भुलाकर एकजुट होकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति कर चुनाव प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
पूर्व मंत्री सी.आर. चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव स्थानीय मुद्दों पर आधारित होते हैं, इसलिए बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति बनाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ प्रबंधन के दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से संगठन की रीति-नीति और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने बूथ सशक्तिकरण, मतदाता संपर्क अभियान, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता और संगठन विस्तार को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ ने किया।
बैठक में विधायक समाराम गरासिया, पूर्व विधायक जगसीराम कोली, वीरेंद्र सिंह चौहान, नारायण देवासी, नरपतसिंह राणावत, अर्जुनराम पुरोहित, हंसमुख मेघवाल, विशनसिंह देवड़ा, ताराराम माली, हेमलता पुरोहित, प्रकाश रावल, रोहित खत्री सहित जिले के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं मोर्चों के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।