“मंत्री देवासी बोले—रामझरोखा मंदिर प्रकरण से मेरा कोई संबंध नहीं, राजनीतिक लाभ के लिए लगाए जा रहे हैं बेबुनियाद आरोप।”
मंत्री देवासी का संयम लोढ़ा पर पलटवार—‘2021-23 में जमीन के सौदों पर तब क्यों नहीं बोले?
सिरोही के चहुंमुखी विकास के लिए हमेशा रहूंगा तत्पर : राज्यमंत्री देवासी
राज्यमंत्री देवासी ने की प्रेस-वार्ता कहा कि दो साल में सिरोही के विकास के लिए लाए 1500 करोड़
सिरोही 14 अगस्त। पंचायतीराज व ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने रामझरोखा मंदिर के पीछे की जमीन के पट्टो को लेकर प्रेस वार्ता कर बताया कि पूर्व विधायक संयम लोढ़ा रामझरोखा मंदिर जमीन को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दे रहे है, मुझ पर जनता को विश्वास व भरोसा है कि सनातन धर्म की जमीनों के खुर्द बुर्द मेरा कोई हाथ नही है न ही पट्टों के विक्रय के संबंध में मुझे जानकारी थी और न ही हमने किसी के पक्ष में पट्टे बनाने के लिए किसी को निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि रामझरोखा भूमि सन् 2000 से महंत श्री जयराम दास के नाम थी, तत्पश्चात उनके शिष्य सीताराम दास के नाम नामान्तरित हुई। सीताराम दास ने अपनी इच्छा से विक्रय किया होगा, जिसमें हमारा कोई भी हस्तक्षेप नहीं है।
राज्यमंत्री देवासी ने संयम लोढ़ा पर आरोप लगाते हुई कहा कि 2021 से 2023 के बीच आपके समय ये राममन्दिर की भूमि को थर्ड पार्टियों के जरिये आपके समय खुर्द-बुर्द करने का काम हुआ। उस समय आप क्यों नहीं बोले और न आपने डीएलबी में जाकर ज्ञापन दिये और न ही जांच के निर्देश किसी को दिये। इससे साबित होता है कि यह सब आपकी मिली भगत से हुआ। इन सभी लीज डीड्स की जांच कराई जाएगी।
राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि सिरोही की देवतुल्य जनता ने जिस आशा एवं विश्वास के साथ सेवा का मौका दिया है, उसे मैं बखूबी निभाने की कोशिश कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक लोढ़ा से पूछना चाहता हूं कि सिरोही कांग्रेस नगर अध्यक्ष का नेशनल हाईवे पर जो पेट्रोल पम्प बना हुआ है, वह जमीन मूलतः किसकी है? क्या उस जमीन का भी रामझरोखा मन्दिर से कोई सम्बन्ध है? आप सिरोही की जनता को इसका स्पष्टीकरण देंगे, ऐसी मैं आशा करता हूँ। इसके अलावा आपके समय में महामन्दिर की जमीनों पर कई लोगों ने कब्जे कर हथियाने का प्रयास किया, उसे भी उजागर किया जायेगा। आप द्वारा व आपके समर्थकों द्वारा जानबूझकर भोपा भगाओ जैसे शब्दों का इस्तेमाल बार-बार किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में मैं बताना चाहूंगा कि मैं एक माताजी के मन्दिर का पुजारी व भोपाजी हूँ तथा सिरोही की देवतुल्य 3 लाख जनता ने मुझे सेवा के लिये चुना है तो आपके कहने से कोई भागने वाला नहीं है। भगाने का काम तो सिरोही की जनता ने आपको किया है जिसे आप सहन नहीं कर पा रहे है और अनर्गल बयानवाजी पर उतर आये है।
राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि पूर्व विधायक लोढ़ा के घनिष्ठ व्यक्ति विनोद देवड़ा के नाम से रामझरोखा मन्दिर की जमीन में एक पट्टा उसके नाम का था जो उसने हरीश भाई कीका भाई पुरोहित को बेचा। हरीश भाई कीका भाई पुरोहित नाम का व्यक्ति मुण्ड़ारा निवासी बताया जा रहा है इस व्यक्ति को मैं जानता भी नही हूँ ना वो मुंडारा का निवासी है पट्टे में उनका एड्रेस उस्मानपुरा, अहमदाबाद निवासी लिखा हुआ है, वो मुण्डारा के कैसे हुए.... यह मुझे जानकारी नहीं है उस व्यक्ति को पट्टा देने में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।
राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि दो साल में सिरोही में करीबन 1500 करोड़ से ज्यादा के काम कराये है, हमनें सिरोही में कृषि कॉलेज जैसे एतिहासिक कार्यों के साथ-साथ गांवों में सड़क सिरोही बस स्टेण्ड पुनर्निमाण, 20 करोड़ के मिसिंग लिंक/नॉन पैचेबल सड़क निर्माण जैसे कई आधारभूत विकास के कार्य कराये है, सिरोही में राज्य का एकमात्र अंजीर उत्कृष्टता केन्द्र, सिरोही में फल सब्जी मंडी, कालन्द्री पंचायत समिति का नवगठन जैसे कार्य सिरोही के लिए कराये है, हमारे द्वारा ग्राम पंचायतवार कराये गये कार्यों की लिस्ट आप चाहे तो मेरे कार्यालय से ले सकते है।
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय सिरोही में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने विधायक कोटे से 93 लाख रूपये के रंगमंच का निर्माण होना बताकर शिलाल्यास करके विद्यार्थियों को गुमराह करने का काम किया। आप स्पष्टीकरण देवे की यह राशि किस मद की थी।
उन्होंने कहा कि -2022 में संयम लोढ़ा ने वेटेनरी कॉलेज देने के नाम पर वाहवाही लूटी। 2022 और 2023 पूरे दो साल तक उन्होंने न तो इसके लिए AS जारी कराई, न कोई जमीन अलॉट कराई, ना FS जारी कराई। मैंने अभी वेनेटरी कॉलेज के लिए गोल में भूमि आवंटित करवाई है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए हमने हमेशा सकारात्मक कार्य कराये है, जबकि संयम लोढ़ा जी आपने आपके समय में द्वेषतावश विद्या भारती (आदर्श) की चलती हुई स्कूलों के आवंटित भूखण्ड निरस्त करवा दिये, मान्यता प्रकरण रूकवा दिये। 2018 में सेवा भारती के लिए हमने सिरोही में भूखण्ड आवंटित कराया था आपने सत्ता में आते ही 2020 में इसे भी निरस्त करवा दिया था, जिसे हाल ही मैने पुनः संस्था को आवंटित कराया है।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि सिरोही के चहुंमुखी विकास के लिए हमेशा हम तत्पर रहूंगा व आगे भी सिरोही के विकास तथा सिरोही वासियों की सुख समृद्धि औ-सुविधाओं के विस्तार के लिए हमेशा कृतसंकल्पित है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि सांसद लुंबाराम चौधरी, जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, प्रधान हंसमुख मेघवाल, जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल चारण सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।