स्वाभिमान बचाओ आंदोलन के तहत पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

स्वाभिमान बचाओ आंदोलन के तहत पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


सिरोही, 08 जून। राजस्थान पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के आह्वान पर चल रहे "स्वाभिमान बचाओ आंदोलन" के तहत सोमवार को सिरोही जिले के मंत्रालयिक कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई।

जिला अध्यक्ष कांतिलाल माली ‘गोयली’ के नेतृत्व में जिलेभर से आए सैकड़ों मंत्रालयिक कर्मचारी सुबह जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए। आंदोलन में जिला कमेटी, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुटता के साथ भाग लिया। महिला कर्मचारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कर्मचारियों ने सरकार के समक्ष अपनी लंबित मांगों को रखते हुए कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। संगठन का यह आंदोलन 25 मई से प्रारंभ होकर 7 जुलाई तक प्रस्तावित है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कांतिलाल माली ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायतीराज विभाग में अधिकांश कार्य मंत्रालयिक कर्मचारी करते हैं, लेकिन उन्हें उनके अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

माली ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं हुआ तो संगठन जयपुर में जलमहल पर जल क्रांति एवं मुख्यमंत्री के घेराव जैसे बड़े आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।


ज्ञापन कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी रंजीत जीनगर, कंवरलाल रेगर, शेषाराम चौधरी, विक्रम सिंह चांदाना, जिला महामंत्री संदीप अग्रवाल, मीडिया प्रवक्ता धीरेन्द्र सिंह, दिनेश राणा, राजेन्द्र सिंह, सिरोही ब्लॉक अध्यक्ष गणेश परमार, रेवदर ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार, आबूरोड ब्लॉक अध्यक्ष लीलावत सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं महिला प्रतिनिधि कल्पना अहीरवाल, सोनिया, रोजी और संतोष देव उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post