हालीवाड़ा को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, 55 लाख की लागत से बना आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू
सिरोही। जिले के हालीवाड़ा गांव में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नव निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) का लोकार्पण किया गया। राज्य मंत्री ओटाराम देवासी एवं सांसद लुंबाराम चौधरी ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि लगभग 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से हालीवाड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।
अब ग्रामीणों को अपने गांव के नजदीक ही प्राथमिक उपचार, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयां तथा विभिन्न स्वास्थ्य जांचों की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण तथा स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से यहां नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा आमजन को निःशुल्क दवा, जांच और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलेगा।
लोकार्पण समारोह में जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, प्रधान हसमुखजी, प्रशासक शांतिलाल पुरोहित, पंचायत समिति सदस्य रेखा पुरोहित सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने नए स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। वक्ताओं ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और लोगों को उनके गांव के निकट गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।