सिरोही में ACB की बड़ी कार्रवाई: श्रम कल्याण अधिकारी की कार से 1.5 लाख की संदिग्ध नकदी बरामद
राजस्थान के सिरोही जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। टीम ने रास्ते में एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें श्रम कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में 1 लाख 50 हजार रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद हुई।
ACB से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यालय के निर्देश पर जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस के पर्यवेक्षण में की गई। टीम ने सिरोही में आकस्मिक चेकिंग के दौरान श्रम कल्याण अधिकारी हर्षदीप सिंह गिल की अनुबंधित कार को रोका, जो आबूरोड से जिला मुख्यालय की ओर आ रही थी। कार में उनके साथ विभाग के कनिष्ठ सहायक विकास कुमार भी मौजूद थे।
तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से पॉलीथीन में लिपटी 500-500 रुपए की तीन गड्डियां बरामद हुईं। गिनती करने पर कुल राशि 1.5 लाख रुपए निकली। जब इस नकदी के स्रोत के बारे में पूछताछ की गई, तो अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
इस पर ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी राशि जब्त कर ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में नकदी के स्रोत और संभावित अनियमितताओं को लेकर गहन पड़ताल की जा रही है।
ACB अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। वहीं, इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य विभागों में भी हलचल तेज हो गई है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती के संकेत मिल रहे हैं।