सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावाल का औचक निरीक्षण, चिकित्सा सेवाओं पर जताई संतुष्टि
सिरोही। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावाल का आज अति. जिला कलेक्टर डॉ राजेश गोयल द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा विभाग की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया। इस अवसर पर बीसीएमओ सिरोही डॉ विवेक कुमार जोशी एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विक्रम सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। विशेष रूप से डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों का आकलन किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना एवं दवा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की गई।
अति. जिला कलेक्टर डॉ गोयल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यहां मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने लेब प्रभारी एवं समस्त नर्सिंग स्टाफ द्वारा अनुशासनपूर्वक कार्य किए जाने की सराहना करते हुए सभी को गणवेश पहनने एवं आईडी कार्ड लगाने की व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए, ताकि सेवा की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे।
इसके अतिरिक्त, आगामी मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मरीजों से भी संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।