भाजपा प्रदेश मंत्री बनने पर नारायण पुरोहित का भव्य स्वागत, बोले—कार्यकर्ताओं के सम्मान में हर पल खड़ा रहूंगा
सिरोही, 28 नवम्बर। सिरोही के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित को भाजपा प्रदेश मंत्री नियुक्त किए जाने पर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर गर्मजोशी से स्वागत किया। वरिष्ठ कार्यकर्ता बाबूलाल सगरवंशी, नगर अध्यक्ष चिराग रावल, बाबू सिंह, प्रकाश पटेल, रामलाल मेघवाल, रमजान खान सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी और सिरोही को प्रदेश संगठन में सशक्त नेतृत्व मिलने पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि पुरोहित जिले की जन समस्याओं को प्रभावी रूप से शासन तक पहुंचाएंगे और संगठन को नई ऊर्जा देंगे।
नवनियुक्त प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर तथा पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि "कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की मजबूती के लिए मैं हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा।"
ज्ञात रहे कि पुरोहित का राजनीतिक जीवन जनसेवा और संगठन निर्माण को समर्पित रहा है। वे सिरोही भाजपा के जिलाध्यक्ष के रूप में तीन बार सेवाएं दे चुके हैं और विभिन्न जिलों में पार्टी प्रभारी के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।