एनएच-168 फोरलेन की मांग को मिली रफ्तार, सांसद लुम्बाराम चौधरी ने गडकरी को सौंपा ज्ञापन
नई दिल्ली, 5 अगस्त। जालोर–सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर झेरडा–मण्डार–रेवदर–सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग-168 को फोरलेन बनाने की मांग रखी। सांसद ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया।
सांसद ने बताया कि फोरलेन निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। 4 अक्टूबर 2024 को निविदा आमंत्रित की गई थी तथा 132.31 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद 23 अप्रैल 2025 को डीपीआर तैयार करने का कार्यादेश जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि कांडला पोर्ट से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। मण्डार, रेवदर और सिरोही के मुख्य बाजारों में लोगों का सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया है। बढ़ते ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका भी बढ़ती जा रही है।
सांसद चौधरी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि विभागीय प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर एनएच-168 के फोरलेन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।