लोकसभा में गूंजा जालोर-सिरोही का रेलवे मुद्दा, सांसद लुम्बाराम चौधरी ने नियम 377 के तहत उठाई मांगें

लोकसभा में गूंजा जालोर-सिरोही का रेलवे मुद्दा, सांसद लुम्बाराम चौधरी ने नियम 377 के तहत उठाई मांगें


नई दिल्ली/जालोर/सिरोही, 10 मार्च।

जालोर-सिरोही क्षेत्र की रेलवे सुविधाओं को लेकर आज संसद में आवाज उठी। जालोर-सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी ने लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत क्षेत्र की विभिन्न रेल सुविधाओं और नई ट्रेनों की मांग को मजबूती से रखा।

सांसद चौधरी ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण भारत सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल कनेक्टिविटी बढ़ाना समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने जालोर से बेंगलुरु, हैदराबाद, कोयम्बटूर, इरोड, काकीनाडा, सेलम, त्रिवेन्द्रम, एर्नाकुलम, नागपुर, बेल्लारी, विशाखापट्टनम, रामेश्वरम, हुबली और पुणे से जोधपुर वाया समदड़ी-भीलड़ी तक गर्मियों की छुट्टियों के दौरान समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने बाड़मेर‑यशवंतपुर एसी एक्सप्रेस को सप्ताह में सातों दिन चलाने की मांग रखते हुए कहा कि इससे राजस्थान और दक्षिण भारत के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

सांसद ने चेन्नई‑भगत की कोठी एक्सप्रेस में पेंट्रीकार (रसोईयान) की सुविधा उपलब्ध कराने और सुरक्षा के लिए आरपीएफ जवानों की नियुक्ति की भी मांग की। साथ ही इस ट्रेन का ठहराव मोदरान रेलवे स्टेशन पर देने का भी आग्रह किया।

चौधरी ने जालोर से जयपुर-दिल्ली के लिए लूनी-पाली-मारवाड़ मार्ग से नई रेल सेवा शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को राजधानी और बड़े शहरों से सीधा जुड़ाव मिलेगा।

इसके अलावा उन्होंने बाकरा रोड रेलवे स्टेशन पर जोधपुर‑दादर एक्सप्रेस और साबरमती‑जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव देने तथा कंप्यूटरीकृत आरक्षण खिड़की शुरू करने की मांग रखी।

सांसद चौधरी ने सालासर एक्सप्रेस और जोधपुर‑गांधीधाम एक्सप्रेस को मर्ज कर गांधीधाम से दिल्ली-जयपुर वाया समदड़ी-भीलड़ी नई रेल सेवा शुरू करने का भी सुझाव दिया।

उन्होंने मारवाड़-रतनपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित रतनपुर गांव के निकट अंडरपास निर्माण तथा भीनमाल शहर में जसवंतपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज या अंडरब्रिज बनवाने की मांग भी संसद में रखी।
सांसद चौधरी ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से जालोर-सिरोही सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक व पर्यटन विकास को भी गति मिलेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post