लखपति दीदियों को भी बड़ा तोहफा, बजट में हर वर्ग पर फोकस : जिलाध्यक्ष रक्षा भंड़ारी
भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी ने बताया कि 2026 के बजट में महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण घोषणा हुई। जिसमें 16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है। इसी कड़ी में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने और रोजगार के पर्याप्त अवसर देने के लिए जिला स्तर पर रूरल विमेन बीपीओ स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का व्यय किया जाना प्रस्तावित है। साथ ही महिला उद्यमिता को और अधिक प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना के अंतर्गत राज्य की लखपति दीदियों को ब्याज अनुदान पर दिए जा रहे एक लाख ऋण की सीमा बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये कर दी गई। महिला सुरक्षा गार्ड और गाइड की नियुक्ति के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया।
--------------------------
जन आकांक्षाओं और विकास को समर्पित बजट : रोहित खत्री
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने ऐतिहासिक बजट 2026 की सराहना करते हुए बताया कि इस बजट में किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और गरीब कल्याण को केंद्र में रखा गया है। इस बजट में आमजन की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा पर फोकस किया है। बजट में विकसित राजस्थान 2047 की संकल्पना को साकार करने के लिए इस विकास यात्रा में गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी शक्ति की अहम भूमिका को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सेवा, समर्पण तथा सुशासन को प्राथमिकता दी है।