सनातन जागरण का विराट हिंदू सम्मेलन नागेश्वर बस्ती में रविवार को



सनातन जागरण का विराट हिंदू सम्मेलन नागेश्वर बस्ती में रविवार को

राधिका कॉलोनी में जोरदार तैयारियां, भव्य कलश यात्रा निकलेगी

सिरोही। संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त देशभर में आयोजित हो रहे हिन्दू सम्मेलनों की श्रृंखला में देवनगरी सिरोही के नागेश्वर बस्ती में रविवार एक फरवरी को सायं 4 बजे विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन से पूर्व दोपहर में मातृशक्ति के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।

सकल हिन्दू समाज नागेश्वर बस्ती आयोजन समिति ने बताया कि आयोजन को लेकर क्षेत्र के समस्त परिवारों में जबरदस्त उत्साह एवं उमंग का वातावरण है। आदर्श नगर लिंक रोड स्थित राधिका कॉलोनी के हनुमानजी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले सम्मेलन स्थल को विशेष रूप से भगवा रंग एवं धार्मिक प्रतीकों से भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया है।

आयोजन समिति ने समस्त हिंदू समाज से आह्वान किया है कि जाति, भाषा एवं क्षेत्र के भेदभाव को समाप्त कर संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित होने की महती आवश्यकता है। सम्मेलन में संत सानिध्य के रूप में श्री श्री 1008 मंगलपुरीजी महाराज, मानव सेवा आश्रम सिरोही से साध्वी बाईजी महाराज सहित संतवृंद पधारेंगे, वहीं मुख्य वक्ता के रूप में जोधपुर प्रान्त महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख श्री हरिकिशन काकड़ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पूज्य संतों के सानिध्य में आयोजित इस हिंदू सम्मेलन में वक्ताओं द्वारा सनातन संस्कृति के सांस्कृतिक गौरव, पारिवारिक मूल्यों एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जाएगा। वर्तमान समय में हिंदू समाज गहन मंथन के दौर से गुजर रहा है ऐसे में भारतीय सनातन संस्कृति के महान मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सार्थक विचार-विमर्श किया जाना अत्यंत प्रासंगिक है।

सम्मेलन से पूर्व मातृशक्ति द्वारा गाजे-बाजे के साथ विशाल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा दोपहर 3 बजे हाउसिंग बोर्ड स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर हनुमानजी मंदिर प्रांगण तक पहुंचेगी, जिसके पश्चात सभी श्रद्धालु सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post