डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान की पीपलकी से शुरुआत, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सिरोही, 22 अप्रैल।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान की शुरुआत सिरोही जिले के कृष्णगंज मंडल अंतर्गत पीपलकी गांव के आशापुरा मंदिर परिसर से की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने किया दलितों का केवल उपयोग: मोतीलाल मीणा
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों को सिर्फ राजनीति का मोहरा बनाकर इस्तेमाल किया, लेकिन उनके वास्तविक सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को कांग्रेस ने कभी पूरी तरह लागू नहीं किया, बल्कि उसे अपने राजनीतिक हितों के अनुसार तोड़ा-मरोड़ा।
बाबासाहेब सामाजिक न्याय के प्रतीक: ओटाराम देवासी
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल संविधान के शिल्पकार थे, बल्कि सामाजिक न्याय के लिए जीवनभर संघर्ष करने वाले योद्धा भी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान में अधिकतम संशोधन किए, लेकिन वह आम जनता के हित में नहीं, बल्कि वोट बैंक की राजनीति के लिए थे। उन्होंने मोदी सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं जैसे 'भीम ऐप' का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा बाबासाहेब के विचारों को धरातल पर उतार रही है।
अभियान के माध्यम से जनजागृति: लुंबाराम चौधरी
सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा यह अभियान चला रही है। उन्होंने वक्फ कानून पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके बारे में फैलाया जा रहा भ्रम गलत है और यह देशहित में एक बड़ा कदम है।
जिला स्तर पर चलाया जाएगा अभियान: डॉ. रक्षा भंडारी
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि बाबासाहेब को केवल संविधान निर्माता तक सीमित करना उनके व्यक्तित्व के साथ अन्याय है। भाजपा द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान प्रत्येक मंडल स्तर तक पहुंचेगा और लोगों को उनके जीवन, विचार और संघर्षों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, जिला प्रवक्ता रोहित खत्री, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष व अभियान संयोजक भंवर मेघवाल, सह संयोजक अजय वाला, सतीश शेट्टी, बाबू सिंह माकरोड़ा सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. अंबेडकर और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से की गई।
नवनियुक्त कृष्णगंज मंडल अध्यक्ष हार्दिक देवासी का समारोहपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी अजय वाला ने निभाई, जबकि आयोजन की व्यवस्थाएं हार्दिक देवासी व उनकी टीम ने संभालीं। कार्यक्रम में विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।