वक्फ सुधार जन जागरण अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला 20 अप्रैल को
सिरोही, 19 अप्रैल।
वक्फ सुधार जन जागरण अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला 20 अप्रैल, रविवार को प्रातः 11 बजे बामनवाड़जी जैन मंदिर धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी करेंगी, वहीं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जोगेंद्र राजपुरोहित उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में सांसद, मंत्री, विधायक, जिला प्रमुख, प्रधान, वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, अभियान के संयोजक एवं सह संयोजक, साथ ही मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजन व कार्यकर्ता भाग लेंगे।
अभियान के जिला संयोजक नारायण देवासी ने बताया कि कार्यशाला की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पिंडवाड़ा एवं झाड़ोली नगर मंडल के कार्यकर्ताओं की विशेष टोलियां बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य हाल ही में भारत सरकार द्वारा वक्फ अधिनियम 2025 में किए गए संशोधनों की जानकारी मुस्लिम समाज के नागरिकों तक पहुंचाना है। यह संशोधन अल्पसंख्यक समुदाय के हित में किए गए हैं और जन जागरूकता के माध्यम से इन लाभों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके साथ ही अभियान को मंडल स्तर तक विस्तार देने की रणनीति भी कार्यशाला में तय की जाएगी।