कांग्रेस सेवादल ने सिरोही में आयोजित कार्यशाला के जरिए संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
सिरोही। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई के निर्देशानुसार और राजस्थान कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत के मार्गदर्शन में मानपुर के ज्ञानदीप भवन में कांग्रेस सेवादल की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी गोविंद भाई पटेल, राष्ट्रीय सचिव व सह प्रभारी ज्योति खन्ना, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जॉन प्रभारी मोहन हटेला, जिला प्रभारी भोमाराम मेघवाल और सह प्रभारी संजय रावल विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यशाला की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज वंदन और वंदे मातरम के साथ हुई। इसके बाद ध्वज गीत गाकर राष्ट्र भावना को जागृत किया गया। कार्यशाला के दौरान सिरोही जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष कमलेश रावल ने संगठन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि अगले एक महीने में जिले के हर ब्लॉक और मंडल स्तर तक सेवादल का नया संगठन तैयार किया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी गोविंद भाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सेवादल केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। यह विचारधारा ही देश में नफरत की राजनीति को समाप्त करने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि जो सेवादल के लिए समर्पित होकर कार्य करेगा, वही संगठन में आगे बढ़ेगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता संगठन के लिए 100 कार्यकर्ताओं के बराबर होते हैं।
राष्ट्रीय महासचिव पटेल ने बताया कि वे पिछले 10 दिनों से जोधपुर संभाग के विभिन्न जिलों में बैठकें कर रहे हैं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती दी जा सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले एक महीने में सिरोही जिले में कांग्रेस सेवादल का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
कार्यशाला में पूर्व विधायक गंगा बेन गरासिया, प्रदेश सचिव आनंद पवार, भारत लालवानी, जिला सह प्रभारी संजय रावल, माउंट आबू ब्लॉक अध्यक्ष मंछाराम गरासिया, नगर अध्यक्ष शौकीन मोहम्मद, महिला कांग्रेस सेवादल की जिला अध्यक्ष पूजा राणा, यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष कपूरचंद मेघवाल सहित कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यशाला के समापन पर प्रदेश प्रभारी पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस सेवादल को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवादल गरीब, पीड़ित और शोषित जनता की आवाज बनेगा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेगा।