संविधान दिवस पर भाजपा ने किया डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने दी 76वीं संविधान दिवस की शुभकामनाएं
सिरोही, 26 नवम्बर। संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा नगर मंडल सिरोही द्वारा एलआईसी सर्किल स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने संविधान दिवस की 76वीं वर्षगांठ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 नवंबर का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने देश के संविधान को स्वीकार किया था, जिसे दो महीने बाद 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया।
राज्य मंत्री देवासी ने कहा कि विभिन्न चुनौतियों के बावजूद डॉ. भीमराव अंबेडकर ने मात्र दो वर्ष, 11 माह और 18 दिनों की अथक मेहनत से देश को विश्व का सबसे विशाल और मजबूत संविधान दिया। यह दिन न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, बाबूलाल सगरवंशी, प्रधान हसमुख मेघवाल, भूपेंद्र देवासी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ताराराम माली, नगर अध्यक्ष चिराग रावल, महिपाल चारण, प्रकाश पटेल सहित अनेक नेता, कार्यकर्ता और अंबेडकर सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।