केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी का सिरोही आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
सिरोही, 3 मई।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भागीरथ चौधरी के सिरोही आगमन पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया, एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी की अगुवाई में स्वागत समारोह आयोजित हुआ।
सिरोही मुख्यालय स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर में किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मंत्री चौधरी का माल्यार्पण एवं दुपट्टा पहनाकर गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
भाजपा नगर मंडल द्वारा सारणेश्वर महादेव की तस्वीर भेंट की गई, वहीं किसान मोर्चा द्वारा सिरोही की प्रसिद्ध पारंपरिक तलवार भेंट कर सम्मान व्यक्त किया गया। इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर मंत्री चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं से आत्मीयता से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना।
इसके बाद कृष्णगंज मंडल द्वारा भी मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नरपत सिंह राणावत, जिला उपाध्यक्ष अरुण ओझा, छगन पटेल, विभिन्न मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
मंत्री चौधरी सिरोही प्रवास के उपरांत अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।