भाजपा मनाएगी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जन्मदिन, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम
सिरोही, 7 मार्च।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया के जन्मदिवस और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि 9 मार्च (शनिवार) को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जन्मदिन के अवसर पर सिरोही नगर मंडल में कई सामाजिक व सेवा कार्य होंगे। इस दौरान सुबह 10 बजे रामझरोखा मैदान में गायों को हरा चारा खिलाने का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 11 बजे राजकीय जिला चिकित्सालय में फल वितरण किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी की उपस्थिति रहेगी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा महिलाओं का विशेष सम्मेलन
8 मार्च (शुक्रवार) को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएससेटी), सिरोही में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी समेत भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण और लोककल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। पार्टी कार्यकर्ता और आमजन भी इन आयोजनों में भाग ले सकते हैं।