बीडीओ का गांव दौरा: पेयजल व्यवस्था की हकीकत जानी, खामियां सुधारने के निर्देश
नया सानवाड़ा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जिला प्रशासन के निर्देशों की पालना में पिंडवाड़ा के विकास अधिकारी नवला राम चौधरी ने शनिवार को ग्राम पंचायत नया सानवाड़ा का दौरा कर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तेलपुर रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे आरओ प्लांट, रेबारी वास, खेल मैदान, अंबे माता मंदिर, जोगी वास, पिपलिया, श्मशान घाट व पश्चिमी रामदेव मंदिर के पास स्थापित हैंडपंप व आरओ प्लांट की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि क्षेत्र में खराब पड़े सभी हैंडपंप व जल स्रोतों की सूची तैयार कर शीघ्र विभाग को भेजी जाए, ताकि समय पर मरम्मत सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने पश्चिमी रामदेव मंदिर के बाहर पिछले दो माह से बंद पड़े आरओ प्लांट की समस्या उठाई, जिस पर बीडीओ ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही स्कूल परिसर में लगे आरओ सिस्टम को भी जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन और सीसी सड़कों का भी निरीक्षण किया गया। भूराराम कॉलोनी, सर्विस रोड, रेबारी वास व मीणा वास में पानी की कम आपूर्ति और पाइपलाइन लीकेज की समस्या सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि नई लाइन जोड़ने के बाद पानी का दबाव कम हो गया है। बीडीओ ने संबंधित विभाग को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी नैनाराम लोहार व सरपंच अलका रावल सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।